समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर, STP-MRF प्लांट का निरीक्षण, 10 स्वच्छता लक्षित इकाइयों की सफाई
फतहनगर-सनवाड़, 15 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं नागरिक सेवाओं को प्रभावी रूप से घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ में सोमवार को शहरी समस्या समाधान शिविर 2026 का शुभारंभ किया गया। शिविर के प्रथम दिन विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।

READ MORE : फतेहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में पट्टा वितरण व नियमन 12 से
लंबित प्रकरणों के निस्तारण को प्राथमिकता
- नगरपालिका परिसर में आयोजित शिविर में अधिशाषी अधिकारी छैल कंवर चारण के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर के माध्यम से लंबे समय से लंबित पत्रावलियों एवं जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। STP और MRF प्लांट का किया निरीक्षण
शिविर के तहत नगरपालिका अधिकारियों ने चंगेड़ी स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) एवं मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) प्लांट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार
शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया तथा आवश्यक स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गईं। इससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
हरित शहर के लिए पौधरोपण अभियान
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष सफाई अभियान
- स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कचरा जमाव वाले 10 स्वच्छता लक्षित इकाइयों (सीटीयू) एवं संवेदनशील स्थलों की पहचान कर व्यापक सफाई करवाई गई। नगरपालिका की टीमों ने इन स्थानों से कचरा हटाकर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया। नागरिकों से सहयोग की अपील
निरीक्षण एवं सफाई अभियान के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से खुले में कचरा नहीं डालने, स्वच्छता बनाए रखने तथा नगरपालिका के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से शहरी समस्या समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाने का आग्रह किया।
जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच
नगरपालिका प्रशासन के अनुसार शहरी समस्या समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के मौके पर समाधान के लिए एक प्रभावी मंच साबित होगा। इसके माध्यम से नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं सुगम शहरी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर के समग्र विकास को गति मिलेगी।
