- प्रथम दिवस उमड़ा जनसैलाब, 7 से 8 हजार दर्शकों की उपस्थिति में देर रात 2 बजे तक चला रंगारंग कार्यक्रम; श्रीराम की भव्य नृत्य-नाटिका ने कराया रामदरबार का दिव्य आभास
फतहनगर-सनवाड़, 18 अक्टूबर। नगरपालिका फतेहनगर-सनवाड़ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव 2026 का प्रथम दिवस भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, हास्य-मनोरंजन और धार्मिक आस्था के अद्भुत संगम के रूप में यादगार रहा। नगर एवं आसपास के गांवों से लगभग 7,000 से 8,000 की संख्या में पधारे दर्शकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने महोत्सव की भव्यता को चार चांद लगा दिए। देर रात 2 बजे तक चले इस रंगारंग आयोजन में दर्शक अंत तक उत्साह और उमंग के साथ जुड़े रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती ममता जी चपलोत ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती भावना जी स्वर्णकार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अध्यक्ष महोदया श्रीमती ममता जी चपलोत, उपाध्यक्ष श्रीमती श्रेया जी गर्ग, विशिष्ट अतिथि एवं उपस्थित पार्षदगणों तथा अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य पार्षदों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान कर आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
महोत्सव का सबसे भावपूर्ण एवं आकर्षक क्षण प्रभु श्री रामायण जी पर आधारित भव्य नृत्य-नाटिका रही। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति, सजीव अभिनय और आकर्षक मंच सज्जा ने दर्शकों को मानो साक्षात् श्रीराम दरबार के दर्शन करा दिए। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया।
राजस्थानी लोक संस्कृति की छटा बिखेरते हुए जसु खां ने अपने विशिष्ट राजस्थानी अंदाज से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं हास्य और मनोरंजन से सजी लाफ्टर नाइट में द कपिल शर्मा शो फेम किकु शारदा तथा तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम मोनिका भदौरिया (बावरी) ने अपनी अनूठी हास्य शैली से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इसके साथ ही अशोक गंधर्व, दिव्यांश वर्मा, मुस्कान पांडे एवं विक्रम कनेरिया सहित अन्य कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा के कद्दावर नेता श्री सुनील जी डांगी एवं श्री कल्याण सिंह जी पोखरना, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री मुन्नालाल जी लावटी उपस्थित रहे। साथ ही श्री महेश जी स्वर्णकार, श्री राधेश्याम जी बागला, राष्ट्रीय युवा कांग्रेस संयोजक श्री रवि जी खटीक, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री रौनक जी गर्ग, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष श्री धर्मेश जी चपलोत एवं कांग्रेस नगर अध्यक्ष श्री सत्यनारायण जी अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन शामिल हुए।
इसके अतिरिक्त श्री जैनेन्द्र जी जैन, भाजपा पार्षद श्री प्रकाश पुरी जी गोस्वामी, श्री घनश्याम जी मंगल, श्री चंचल जी स्वर्णकार, श्री राजकुमार जी खंडेलवाल, श्री हेमंत जी गोयल, श्री मोहम्मद जी बोहरा, मेला कमेटी अध्यक्ष श्री किशन जी गुर्जर, मेला कमेटी सदस्य श्री विकास जी लावटी, श्री शरीफ मोहम्मद जी एवं श्रीमती गीता देवी खटीक सहित समस्त माननीय पार्षदगण एवं अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नगरपालिका द्वारा आयोजित इस भव्य महोत्सव ने धार्मिक आस्था, राजस्थानी लोक संस्कृति, कला और मनोरंजन को एक साझा मंच प्रदान किया। नगरवासियों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से उमड़े जनसैलाब ने आयोजन की लोकप्रियता और दशहरा महोत्सव के प्रति लोगों के उत्साह को प्रदर्शित किया।
फतेहनगर-सनवाड़ का दशहरा महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि नगर की एकता, परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक उत्सवधर्मिता का प्रतीक बनकर उभरा। तीन दिवसीय महोत्सव के प्रथम दिवस की शानदार सफलता ने आगामी कार्यक्रमों के प्रति भी नगरवासियों में विशेष उत्साह का संचार किया।
