फतहनगर, 3 दिसम्बर। फतहनगर में फतह एकेडमी महिला क्रिकेट चैम्पियनशिप का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्या मीना कुमावत एवं उपप्रधानाचार्य पारुल वर्डिया द्वारा की गई उद्घाटन गेंदबाजी से हुई, जिससे प्रतियोगिता में रोमांच का संचार हुआ।
इस चैम्पियनशिप में कुल चार टीमें — फतह यूनाइटेड टीचर्स, फतह चॉक चैंपियंस, फतह ब्लैकबोर्ड ब्लास्टर्स और फतह ग्रेड गुरुज — ने भाग लिया। सभी खिलाड़ी विद्यालय की अध्यापिकाएं थीं।

फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें सुपर ओवर के ज़रिए परिणाम तय हुआ। फतह यूनाइटेड टीचर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैम्पियनशिप अपने नाम की। टीम की कप्तान मोनिका सुहलका के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और संघर्ष दिखाया। उपविजेता टीम फतह ब्लैकबोर्ड ब्लास्टर्स की कप्तान सोनल जैन ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में ट्रॉफी का वितरण फतह एकेडमी निदेशक अजय जैन द्वारा किया गया। वहीं सी.ए. अंकिता चोपड़ा ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

पुरस्कार श्रेणियों में वुमन ऑफ द सीरीज मनिषा भाटी, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज पिंटू कंवर राठौड़ और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज पारुल वर्डिया को चुना गया। अंपायर की भूमिका मनीष यादव ने निभाई।
कार्यक्रम का समापन तालियों की गूंज, उत्साहपूर्ण वातावरण और खिलाड़ियों के जज़्बे के साथ हुआ। फतह एकेडमी द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता खेल भावना, अनुशासन एवं टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बनी। विद्यार्थियों ने पूरे दिन इस क्रिकेट उत्सव का भरपूर आनंद लिया।
Also Read: एआई वीडियो पर सियासी तूफान: कांग्रेस ने पीएम मोदी को ‘चायवाला’ दिखाया, BJP ने बताया अपमानजनक
