Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
HomeHindi newsशहर में शुरू होगी हेरिटेज वॉक, भीतरी शहर में विकसित होंगे नाइट...

शहर में शुरू होगी हेरिटेज वॉक, भीतरी शहर में विकसित होंगे नाइट बाजार

जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक

उदयपुर, 10 फरवरी। जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इसमें पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की गई।
सर्वप्रथम उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए बैठक के एजेण्डा पाईन्ट पर चर्चा की। जिला कलक्टर श्री मेहता ने राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत नाइट ट्यूरिज्म को बढावा देने के लिए प्रस्तावित नाइट फूड कोट व नाइट बाजार के संबंध में प्रगति पर चर्चा की। इसमें युडीए आयुक्त राहुल जैन ने अवगत कराया कि रानी रोड़ पर स्थित फूड कोट को नाइट फूड कोट के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहां शहर के प्रमुख व प्रसिद्ध खाद्य वस्तुओं के आउटलेट लगाए जाएंगे। फूड कोट में 250 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी तथा लोक कलाकारों की प्रस्तुति के लिए मंच भी बनाया जाएगा।
उपनिदेशक सुश्री सक्सेना ने नाइट बाजार के लिए प्रारंभिक तौर पर बड़ी पोल से जगदीश चौक तक के मार्केट को चिन्हित करना बताया। बैठक में मौजूद सदस्यों ने अन्य स्थलों के भी सुझाव दिए। इस पर जिला कलक्टर ने एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, युडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना तथा उपनिदेशक पर्यटन को सुझाए गए सभी स्थलों पर नाइट बाजार की संभावनाओं की पड़ताल कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्थलों पर टाइम स्लॉट के हिसाब से भी तय किया जा सकता है। उन्होंने इन चिन्हित स्थलों को निर्धारित समय के लिए नो व्हिकल जोन घोषित किए जाने की संभावना पर भी रिपोर्ट देने को कहा।

बैठक में जिला कलक्टर ने हेरिटेज वॉक को लेकर भी फीडबैक लिया। उन्होंने जगदीश चौक स्थित नगर निगम के पुरानी लाइब्रेरी भवन को हेरिटेज हाउस में कन्वर्ट कर मार्च माह में गाइड एसोसिएशन के माध्यम से हेरिटेज वॉक प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व नगर निगम और पर्यटन विभाग को फरवरी माह के अंत तक हेरिटेज वॉक का रूट, रेट, टाइमिंग, साफ सफाई व्यवस्था आदि तय करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एसोसिएशन से यु बी श्रीवास्वत, सुदर्शन देव कारोही, सुभाष राणावत, युसीसीआई से मनीष गलुण्डिया सहित ट्रेवल एसोसिएशन व गाइड एसोसिएशन पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

इन बिन्दुओं पर भी चर्चा

  • दूध तलाई क्षेत्र में नाइट ट्यूरिज्म की संभावनाएं तलाशी जाएं
  • म्यूजिकल फाउंटेन को दोबारा शुरू कराया जाए
  • ऐतिहासिक दरवाजों तथा चिन्हित ऐतिहासिक स्थलों पर थीम बेस्ड आर्ट गैलेरी स्थापित की जाए
  • ऐतिहासिक इमारतों पर लाइटिंग कराई जाए
  • मुंबईया बाजार व सुखाड़िया सर्कल फूड कोट की टाइमिंग बढ़ाई जाए
  • भीतरी शहर में स्थित विभिन्न समाजों के नोहरों का पार्किंग के लिए उपयोग किया जाए
  • पर्यटकों की सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थलों पर पर्यटन थाना पुलिस की तैनातगी सुनिश्चित की जाए
  • सीसीटीवी कवरेज बढ़ाया जाए
  • शहर के सभी प्रमुख स्थलों पर एकरूपता के साथ सूचना पट्ट लगाए जाएं।
  • एक माह के भीतर शहर के सभी सुविधाघरों की जांच कर उन्हें दुरूस्त कराया जाए
  • गुलाबबाग को यूनेस्को साइट में शामिल कराने के लिए जरूरी दस्तावेजीकरण कराया जाए
  • एआई बेस्ड ट्रैफिक लाइट सिस्टम को बढावा दिया जाए
  • टैक्सी की युनिफॉर्म रेट तय की जाए। इत्यादि
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular