मालवीय लोहार समाज, फतहनगर द्वारा जुलूस में पेय पदार्थ वितरण
फतहनगर, 2 अप्रैल। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा शहर जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ सायं 4 बजे श्री द्वारिकाधीश मंदिर मेन चौराहा से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री सिद्ध बालाजी मंदिर तक पहुंची। जुलूस में आकर्षक झांकियां, सजे-धजे घोड़े, डीजे एवं भगवा ध्वजों की छटा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
विशेष आकर्षण के रूप में भगवान राम का भव्य कटआउट, आदियोगी झांकी, श्रीनाथजी की झांकी तथा राणा पूंजा की झांकी आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा नासिक के प्रसिद्ध ढोल की गूंज से पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर हो गया।
मालवीय लोहार समाज, फतहनगर द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेय पदार्थ वितरण की व्यवस्था की गई। समाज के सदस्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को ठंडे पेय पदार्थ वितरित कर सेवा भावना का परिचय दिया, जिससे गर्मी में श्रद्धालुओं को राहत मिली। इस सेवा कार्य में समाज के अनेक सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
आयोजन समिति के अनुसार यह शोभायात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश देती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
