उदयपुर, 9 अप्रैल। जिला स्तरीय पंच गौरव क्रियान्वयन समिति की बैठक गुरुवार को समिति अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम की प्रगति एवं आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित वॉल एवं टेबल पंच गौरव कैलेण्डर का विमोचन भी किया गया।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि पंच गौरव 2026-27 की कार्ययोजना जिले की प्राथमिकताओं के अनुरूप समन्वित एवं परिणामोन्मुख तैयार की जाए, जो विकसित राजस्थान 2047 की अवधारणा के अनुरूप हो।

उन्होंने निर्देशित किया कि वर्ष 2024-25 को आधार वर्ष मानते हुए वर्ष 2026-27 के लिए अल्पकालीन, 2029-30 के लिए मध्यकालीन तथा 2047 के लिए दीर्घकालीन लक्ष्य निर्धारित किए जाएं तथा इनके अनुरूप स्पष्ट मापनीय संकेतक तय किए जाएं।
संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी पुनीत शर्मा ने विभागों से प्राप्त कार्ययोजनाओं की प्रस्तुति दी।
इस पर विभागवार चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने अनुमोदित एस्टीमेट सहित कार्ययोजना भिजवाने तथा मार्केट रेट फाइंडिंग कमेटी द्वारा जांच उपरांत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर, उप वन संरक्षक मुकेश सैनी, कोषाधिकारी पार्थ शर्मा, उप निदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क गौरीकांत शर्मा, उपनिदेशक उद्यानिकी कैलाशचंद्र शर्मा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा एवं जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
