उदयपुर, 6 मई। जल संसाधन विभाग जयपुर के मुख्य अभियंता अमरजीत सिंह मेहरडा ने बुधवार को मो.ला.सु. देवास परियोजना के अंतर्गत सुरंग निर्माण कार्य एवं बागोलिया फीडर निर्माण कार्य का आर.डी. 11200 मीटर पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य को गुणवत्ता मानकों के साथ तय समय सीमा में पूर्ण किया जाए।
मुख्य अभियंता ने देवास सुरंग निर्माण में उपयोग हो रही तकनीक, मशीनरी संचालन एवं सुरक्षा उपायों का भी जायजा लिया। इस परियोजना के तहत 10.500 किमी एवं 4.500 किमी लंबाई की दो सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने पर उदयपुर शहर को पेयजल के लिए 1000 एमसीएफटी अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा।

इसके साथ ही बागोलिया फीडर निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं भूमि अवाप्ति से जुड़े कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। 27.615 किमी लंबी इस फीडर के माध्यम से वर्षा ऋतु में उदयसागर बांध से 180 एमसीएफटी अतिरिक्त पानी का अपवर्तन किया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने पर 17 से अधिक गांवों की 3676 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता बीरबल डूडी, कोमल पाटीदार, सहायक अभियंता साहुनदीन, कनिष्ठ अभियंता शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
