फतहनगर-सनवाड़,1 नवंबर। महावीर इंटरनेशनल शाखा फतहनगर के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय रोडवेज बस स्टैंड पर “नेकी की दीवार – खुशियों का बाजार” कार्यक्रम का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल में शहर के समाजसेवियों, नागरिकों और संस्था के सदस्यों ने भारी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद और गरीब परिवारों के बीच वस्त्र, जूते, खिलौने, बर्तन और उपयोगी पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में दान, परस्पर सहयोग और नेकी की भावना को जन-जन तक पहुँचाना था।
संस्था के अध्यक्ष वीर ऋषभ सेठिया, सचिव वीर शुभम जैन तथा संयोजक भावांशु सुराणा ने बताया कि शहरवासियों के निरंतर सहयोग से यह सकारात्मक पहल आगे भी जारी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि “नेकी की दीवार” अब समाज के जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। इस सफल आयोजन को मूर्त रूप देने में संस्था से जुड़े सभी सदस्यों और स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय रहा।
