फरीदाबाद न्यूज़: डॉ. शाहीन शाहिद का नाम फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ा पाया गया है। आशंका है कि वह किसी स्टडी प्रोजेक्ट या हेल्थ सर्विस से संबंधित रही हों। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि कहीं यूनिवर्सिटी की आड़ में आतंकी फंडिंग नेटवर्क तो नहीं चलाया जा रहा था।
लखनऊ: दिल्ली बम ब्लास्ट और फरीदाबाद में आतंकी डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद देशभर में सनसनी फैल गई है। जांच में इन घटनाओं के तार उत्तर प्रदेश के कई शहरों से जुड़ते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस ने लखनऊ की रहने वाली महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शाहीन, फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकी डॉक्टर मुजम्मिल शकील की सहयोगी और गर्लफ्रेंड थी, और उसकी कार भी चलाया करती थी। पुलिस ने उसके पास से एके-47, जिंदा कारतूस और कई संदिग्ध सामग्री बरामद की है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि शाहीन के संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े थे।
जांच एजेंसियां क्या-क्या खंगाल रही हैं
डॉ. शाहीन शाहिद का नाम फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ा पाया गया है। माना जा रहा है कि वह किसी स्टडी प्रोजेक्ट या हेल्थ सर्विस से संबंधित रही हों। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं यूनिवर्सिटी की आड़ में आतंकी फंडिंग नेटवर्क तो नहीं चलाया जा रहा था। साथ ही, एजेंसियां शाहीन की कॉल डिटेल्स, बैंकिंग रिकॉर्ड्स और कश्मीर से दिल्ली तक की यात्राओं की भी पड़ताल कर रही हैं, ताकि आतंकी मॉड्यूल की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
सहारनपुर से गिरफ्तार आदिल ने किया खुलासा
इस पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ, जब 7 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सहारनपुर जिले से डॉ. आदिल अहमद नाम के एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया। डॉ. आदिल, जो अनंतनाग का रहने वाला है, जम्मू-कश्मीर की गलियों में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाते हुए पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान उसने डॉ. मुजम्मिल शकील का नाम बताया, जिसके बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई।
याह भी पढ़े: सवीनाखेड़ा में किसी रहवासी का नहीं उजाड़ा घर, नियमानुसार हटाए अतिक्रमण
कमरे से क्या-क्या बरामद हुआ?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक डॉ. मुजम्मिल शकील तीन महीने से फरीदाबाद जिले के धौज गांव में किराये पर कमरा लिया हुआ था. जहां वह रहता नहीं था. बल्कि केवल सामान रखता था. बीते रविवार को पुलिस ने छापेमारी की तो करीब 360 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की, जो अमोनियम नाइट्रेट हो सकता है. इसके अलावा पुलिस ने असॉल्ट राइफल, तीन मैगजीन, 83 कारतूस, एक पिस्टल, 8 राउंड, टाइमर, बैटरी और अन्य डिवाइसेज मिले हैं, जो बड़े पैमाने की आतंकी साजिश की तरफ इशारा करते हैं.
