फतेह नगर, 24 फरवरी l विकल्प संस्थान के सहयोग से संचालित पंख महिला सशक्तिकरण सिलाई केंद्र के पूर्व सत्र का समापन एवं नवीन सत्र का शुभारंभ कार्यक्रम गोर्धन वाटिका में सोमवार को आयोजित किया गया।
यह सिलाई केंद्र विगत दो वर्षो से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कस्बे में संचालित किया जा रहा है। अब तक इस केंद्र के माध्यम से 500 से अधिक महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जगन्नाथ सिंह (उप निरीक्षक), विशिष्ट अतिथि हेमा देवड़ा (वार्ड पार्षद, नगर पालिका), ऋतु अग्रवाल (जिला अध्यक्ष, महिला मोर्चा भाजपा) एवं बेला अग्रवाल (प्रधानाचार्या) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उषा चौधरी (निदेशक, विकल्प संस्थान) ने की।
अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने कहा कि महिला आर्थिक सशक्तिकरण का अर्थ है महिलाओं को इस योग्य बनाना कि वे अपनी आजीविका स्वयं अर्जित कर सकें, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हों और अपने जीवन से जुड़े आर्थिक निर्णय स्वयं ले सकें। जब महिलाओं के पास अपनी आय, बचत और संसाधनों पर नियंत्रण होता है, तब वे परिवार और समाज में सम्मानजनक भूमिका निभा पाती हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में उषा चौधरी ने बताया कि महिलाओं को शिक्षा एवं कौशल विकास से जोड़ना आर्थिक सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है। सिलाई, कढ़ाई, हस्तशिल्प, कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं अन्य स्वरोजगार आधारित गतिविधियाँ महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करती हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने यह भी बताया कि विकल्प संस्थान अपने मूल्यों एवं उद्देश्यों को किशोर-किशोरियों और महिलाओं के माध्यम से गाँव-गाँव तक पहुँचाने का निरंतर प्रयास कर रहा है।
राष्ट्रपति युवा अवार्ड विजेता समर्थ सेवा संस्थान की संस्थापिका श्रीमती भगवती जोशी ने स्वरोजगार से महिला सशक्तिकरण की बात कहीl
कार्यक्रम का संचालन मनीषा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में ममता सुथार एवं केंद्र समन्वयक द्वारा धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर संस्था परिवार से रीना बंजारा, कोमल लुहार, कुसुम दवे, नीलम खटिक, निशा एवं वंदना सहित अन्य महिलाएँ उपस्थित रहीं।
