मावली, 5 मार्च। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा अटल सेवा केंद्र, घासा में महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया।
जतन संस्थान द्वारा संचालित महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र से सामाजिक कार्यकर्ता वैदेही वैष्णव ने महिलाओं को योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि महिलाओं को योजनाओं से वास्तविक रूप से जोड़कर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
इस दौरान लाडो प्रोत्साहन योजना, कालीबाई भील उड़ान योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना तथा घर से कार्य योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय सुपरवाइजर सागर सिंह पंवार ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और मिलने वाले लाभों के बारे में सरल भाषा में समझाया तथा महिलाओं को अधिक से अधिक आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाकर महिलाएं अपने जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।
कार्यक्रम में वैदेही वैष्णव ने महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को कानूनी सहायता, घरेलू हिंसा से संरक्षण, परामर्श सेवाओं तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम साथिन सुनीता सालवी, राजीविका से सुमन तेली, सरला कुंवर सहित स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
