Wednesday, May 6, 2026
No menu items!
HomeHindi newsउपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का उदयपुर दौरा

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का उदयपुर दौरा

यूसीसीआई मीटिंग हाल में संभाग स्तरीय अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा, सड़क निर्माण कार्य, पर्यटन और आंगनबाड़ी योजनाओं पर दिए अहम निर्देश

उदयपुर, 5 मई। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे के तहत लेकसिटी प्रवास पर रही। इस दौरान उन्होंने मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (यूसीसीआई) मीटिंग हॉल में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पर्यटन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में डिप्टी सीएम द्वारा विभिन्न योजनाओं और बजट घोषणाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

सड़क कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी

सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने उदयपुर संभाग में कई परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अत्यधिक आवश्यक सड़कों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। बैठक में अटल प्रगति पथ, मिसिंग लिंक, नॉन-पेचेबल सड़कों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न पीडब्ल्यूडी सर्कल और राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में उपस्थित विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख सड़कों की स्थिति, प्रगति और क्षतिग्रस्त मार्गों को लेकर ध्यानाकर्षण कराया।

आंगनबाड़ी और पोषण योजनाओं की समीक्षा

समेकित बाल विकास सेवाओं (आईसीडीएस) के अंतर्गत बजट घोषणाओं, पोषण ट्रैकर, एफआरएस, आंगनबाड़ी केंद्रों के नवीनीकरण तथा नए केंद्रों की स्थापना की प्रगति पर चर्चा की गई। उपमुख्यमंत्री ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास और न्यूट्री किट वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों और महिलाओं को बेहतर पोषण सुविधाएं मिल सकें।

पर्यटन विकास पर विशेष जोर

पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान महाराणा प्रताप टूरिज्म सर्किट सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी ऐतिहासिक या धरोहर स्थल के विकास एवं पुनर्निर्माण में संरक्षण विशेषज्ञों की सलाह अवश्य ली जाए। उन्होंने जावर माता को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के कार्यों की समीक्षा करते हुए पर्यटकों की सुविधा के लिए चिन्हित स्थानों पर क्यूआर कोड के माध्यम से ऐतिहासिक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उपमुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि बजट घोषणाओं के कार्यों में गति लाकर तय समयसीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं, जिससे आमजन को लाभ मिल सके। बैठक में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा सहित सानिवि, आईसीडीएस, महिला अधिकारिता एवं पर्यटन विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular