जयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी भर्ती की घोषणा की है। राज्य सरकार प्रदेश की 183 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पालिका) में 24,712 सफाई कर्मचारियों की संविदा पर भर्ती करेगी। यह पहली बार होगा जब सफाई कर्मचारियों की भर्ती सीधे संविदा आधार पर की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया के तहत 15 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 28 सितंबर निर्धारित की गई है।
भर्ती के लिए 21 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा तथा पात्र अभ्यर्थियों का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
अभ्यर्थी राजस्थान स्वायत्त शासन निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट अथवा SSO आईडी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना है।
