HomeLocal Newsवार्ड 12 में त्रिकोणीय मुकाबला; भाजपा के प्रख्यात ऑनलाइन"Online" युवा टीचर,कांग्रेस के...

वार्ड 12 में त्रिकोणीय मुकाबला; भाजपा के प्रख्यात ऑनलाइन”Online” युवा टीचर,कांग्रेस के अनुभवी और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच तीखी जंग

– फतेहनगर-सनवाड़ निकाय चुनाव 2026

सीनियर रिपोर्टर- श्रीमती भगवती जोशी

फतेहनगर-सनवाड़। फतेहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के वार्ड नंबर 12 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। इस बार का चुनाव न केवल प्रत्याशी और उनकी विचारधाराओं का मुकाबला है, बल्कि अनुभव, युवा सोच और जनसेवा की निष्ठा की कसौटी भी बन गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और पार्टी से बागी होकर निर्दलीय मैदान में उतरे प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुँच चुका है।

IIT JEE Advanced उत्तीर्ण, प्रख्यात Online टीचर हैं भाजपा प्रत्याशी रोहित गुप्ता
वार्ड 12 से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा प्रत्याशी रोहित गुप्ता अपनी विशिष्ट पहचान और शैक्षणिक पृष्ठभूमि के साथ मैदान में हैं। पेशे से शिक्षक और IIT JEE Advanced उत्तीर्ण रोहित वर्तमान में विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षित कर रहे हैं।

चुनावी दृष्टिकोण और वैचारिक सोच

रोहित गुप्ता का मानना है कि “शिक्षा का असली उद्देश्य समाज की समस्याओं को दूर करना है और इसी विजन के साथ वे राजनीति में आए हैं।” उनका स्पष्ट कहना है कि जनता को अब पारंपरिक राजनीति के बजाय एक पढ़े-लिखे, आधुनिक और पारदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता है, जो वार्ड के बुनियादी विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करे।

पारिवारिक विरासत और राजनीतिक पृष्ठभूमि
रोहित एक मजबूत राजनीतिक और जनसंघ पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके दादाजी (शंकर लाल जी गुप्ता) पार्टी की शुरुआती कोर टीम के सदस्य रहे हैं तथा उनके पिता भी संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ संभाल चुके हैं।

विकास का रोडमैप और प्राथमिकताएँ

मूलभूत सुविधाएँ: सबसे पहली प्राथमिकता वार्ड की सड़कों, नालियों और सीवरेज/ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करना है ताकि जलभराव और गंदगी से मुक्ति मिल सके। इसके अलावा दुर्घटना वाले क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर बनवाना शामिल है।

शैक्षणिक व सार्वजनिक विकास: विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क या न्यूनतम शुल्क पर अत्याधुनिक ‘लाइब्रेरी’ और क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य हेतु सुंदर ‘गार्डन’ का निर्माण।

डिजिटल व पारदर्शी जनसंवाद: तकनीक का प्रभावी उपयोग कर वार्डवासियों से सीधा संपर्क स्थापित करना और एक बड़े भाई या साथी की तरह ‘हक से काम बोलने’ का माहौल तैयार करना।

कांग्रेस प्रत्याशी: अनुभव और जनसेवा के दम पर दोबारा मैदान में लक्ष्मीलाल खेरोदिया

कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व पार्षद लक्ष्मीलाल खेरोदिया अपने पिछले कार्यकाल के कार्यों और जनसेवा के लंबे अनुभव के आधार पर जनता के बीच पहुँच रहे हैं।

रिपोर्ट कार्ड और विपक्षी बोर्ड पर आरोप
लक्ष्मीलाल खेरोदिया ने अपने पूर्व कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि उन्होंने वार्ड के मुख्य क्षेत्रों में ट्यूबवेल निर्माण, सड़कों और नालियों की मरम्मत तथा नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया था। उन्होंने पिछली नगरपालिका बोर्ड पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक खींचतान और बोर्ड की अकर्मण्यता के कारण कई विकास कार्य ठप पड़ गए थे।

विकास की प्राथमिकताएँ और संकल्प

  • गरीबों को पट्टे: चुनाव जीतने के बाद उनकी सबसे पहली प्राथमिकता गरीब व जरूरतमंद परिवारों को आवासीय पट्टे दिलवाना होगी।
  • 100 दिनों का रोडमैप: सड़कों का नवनिर्माण, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव और पीने के पानी की समस्या का स्थाई समाधान।
  • सामुदायिक विकास: कल्कि मगरी और महेश कॉलोनी जैसी बस्तियों के विकास के साथ-साथ गरीबों और बच्चों की सुविधा के लिए एक ‘सामुदायिक भवन’ का निर्माण।
  • जनसेवा की प्रतिबद्धता: पद पर रहें या न रहें, हमेशा वार्डवासियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने और उनके हक की लड़ाई लड़ने का संकल्प।

निर्दलीय प्रत्याशी: जनता की बुलंद आवाज बनने का संकल्प लेकर उतरे भगवती लाल लोहार

भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे भगवती लाल लोहार ने इस त्रिकोणीय मुकाबले को और अधिक रोचक बना दिया है।

20 साल का राजनीतिक अनुभव है, जमीन पर रहकर काम करूंगा
पिछले 20 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता और मीडिया प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके भगवती लाल लोहार का कहना है कि उनका चुनाव लड़ने का मकसद किसी पार्टी को नुकसान पहुँचाना नहीं, बल्कि वार्ड की उपेक्षित जनता की आवाज बनना है। उनका मानना है कि जब आमजन को पानी, बिजली, सड़क और नाली जैसी समस्याओं से जूझना पड़े, तो निर्दलीय मैदान में उतरना जरूरी हो जाता है।
प्राथमिक विकास कार्य और अपील

  1. जलभराव से मुक्ति: आजाद चौक और कल्कि मगरी जैसे क्षेत्रों में जलजमाव की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान।
  2. स्वास्थ्य एवं बिजली सुविधाएँ: बारिश के समय होने वाली बिजली कटौती और संक्रामक बीमारियों के त्वरित निवारण के लिए मुस्तैदी।
  3. सड़कों का नवनिर्माण, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव, कचरे का संग्रहण, और पीने के पानी की समस्या का स्थाई समाधान कराऊंगा
  4. प्रत्याशी की निष्ठा पर जोर: उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे पार्टी के बजाय उम्मीदवार की योग्यता, कार्यशैली और निष्ठा को देखकर मतदान करें।
  5. वार्ड 12 का चुनावी समीकरण
    वार्ड 12 में इस बार का चुनाव तीन अलग-अलग विचारधाराओं के बीच है—एक तरफ भाजपा की युवा व डिजिटल सोच, दूसरी तरफ कांग्रेस का अनुभव व पट्टा आवंटन का वादा, और तीसरी तरफ निर्दलीय प्रत्याशी का जनआंदोलन और स्थानीय मुद्दों पर जोर। अब देखना यह होगा कि वार्ड 12 की जनता किसे अपनी सेवा का अवसर प्रदान करती है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular