फतहनगर , 21 मई। गौ सेवा एवं निराश्रित पशुओं के उपचार के उद्देश्य से श्री पशुपतिनाथ निराश्रित पशु सेवा समिति द्वारा गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सनवाड़ रीको इंडस्ट्रियल एरिया के मुख्य मार्ग के समीप क्षेत्र के पहले गौ चिकित्सालय के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ज्येष्ठ शुक्ल पंचमी एवं गुरु पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग में अभिजीत मुहूर्त पर आयोजित इस कार्यक्रम में पंडित श्री आशुतोष दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ भूमि पूजन सम्पन्न कराया। कार्यक्रम प्रधान संरक्षक श्री गौमाता एवं श्री नंदी महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
भूमि पूजन अवसर पर समिति पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष श्री चंचल स्वर्णकार, संरक्षक श्री मुकेश गडोलिया एवं श्री सत्यनारायण अग्रवाल, सचिव श्री निखिल खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष श्री शशिकांत अग्रवाल एवं श्री साहिल अग्रवाल, व्यवस्थापक श्री प्रिंस तेली, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन श्री राजेश चपलोत एवं श्री वर्दीशंकर बुनकर, वरिष्ठ समाजसेवी श्री मांगीलाल सांखला एवं श्री शिवकुमार डिडवानिया, पशु चिकित्सक डॉ. हरिओम कुमावत सहित बड़ी संख्या में गौसेवक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित गौ चिकित्सालय के निर्माण से फतेहनगर-सनवाड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में निराश्रित, घायल एवं बीमार गौवंश को समय पर उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। वर्तमान में घायल एवं बीमार पशुओं के उपचार हेतु पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में यह चिकित्सालय गौ सेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि समिति पिछले लंबे समय से निराश्रित एवं घायल पशुओं की सेवा में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी गौ संरक्षण एवं पशु सेवा से जुड़े विभिन्न जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने इस पुनीत कार्य के लिए समिति की सराहना करते हुए सहयोग का विश्वास दिलाया।
