स्व. कमलादेवीजी एवं स्व. फतहलालजी जैन की स्मृति में होगा आयोजन
फतहनगर, 20मई । स्वर्गीय श्रीमती कमलादेवीजी एवं स्वर्गीय श्री फतहलालजी जैन की पावन स्मृति में शनिवार, 23 मई 2026 को विशाल निःशुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक फतह फार्म हाउस, अरिहंत नगर के पीछे, धुणी, फतहनगर में होगा।
विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
आयोजकों ने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की जाएंगी। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रमेश पटेल, न्यूरो सर्जन डॉ. उदय भौमिक, जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. प्रमोद रावल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी चौबीसा, टीबी एवं चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश चौधरी, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक जैन तथा चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.पी.एस. चौहान अपनी सेवाएं देंगे।
जांच सुविधाओं के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण
शिविर में मरीजों के लिए निःशुल्क एक्स-रे, ब्लड प्रेशर जांच, शुगर जांच एवं बोन डेंसिटी चेकअप (अस्थि घनत्व जांच) जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही मरीजों को निःशुल्क दवाइयां एवं पेशेंट किट भी वितरित की जाएगी।
पुरानी जांच रिपोर्ट साथ लाने की अपील
आयोजकों ने बताया कि शिविर में पंजीकरण हेतु मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही मरीजों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी पूर्व जांच रिपोर्ट एवं चिकित्सकीय परामर्श पत्र साथ लेकर आएं, ताकि चिकित्सकों द्वारा बेहतर परामर्श दिया जा सके।
अधिक से अधिक लोगों से लाभ लेने का आह्वान
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
Read more – मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा 20 से 22 मई तक वागड़ प्रवास पर
