मावली (उदयपुर)। मावली एवं घासा पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्डपंच पदों के आरक्षण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी (एसडीएम) मावली के अनुसार, पंचायती राज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी आगामी 18 सितंबर 2026 को दोपहर 3:30 बजे उपखंड कार्यालय मावली में निकाली जाएगी।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन सचिव एवं आयुक्त, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, जयपुर के निर्देशानुसार मावली और घासा पंचायत समिति क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरपंच व वार्डपंच पदों की आरक्षण लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
इस संबंध में मावली विधानसभा क्षेत्र के विधायक सहित क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों—भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के मावली व घासा ब्लॉक/मंडल पदाधिकारियों एवं समन्वयकों को सूचना पत्र जारी कर लॉटरी प्रक्रिया में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।
