HomeLocal Newsफतहनगर-सनवाड़ पालिका अध्यक्ष पद को लेकर सियासी हलचल तेज, पांच नामांकन दाखिल

फतहनगर-सनवाड़ पालिका अध्यक्ष पद को लेकर सियासी हलचल तेज, पांच नामांकन दाखिल

फतहनगर। फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित होने के बाद दावेदारों ने अपने-अपने समीकरण साधने शुरू कर दिए थे।

अध्यक्ष पद के लिए कुल 5 नामांकन दाखिल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें सौसर देवी कांग्रेस, ममता चपलोत निर्दलीय, सीमा सोनी भाजपा, प्रियंका बड़ालिया भाजपा तथा रंभा देवी निर्दलीय शामिल हैं।

भाजपा के 13 पार्षद, अध्यक्ष पद के लिए दो महिला दावेदार

14 सितंबर को घोषित परिणामों में फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के 25 वार्डों में भाजपा ने 13 और कांग्रेस ने 12 वार्डों में जीत दर्ज की, जिससे भाजपा को बहुमत मिला है।

ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से दाखिल हुए दो नामांकन सीमा सोनी और प्रियंका बड़ालिया पर विशेष नजर है।

वार्ड नंबर 20 से सीमा सोनी भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद की दावेदार हैं। स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार सीमा सोनी का संबंध गणपत जी सोनी के परिवार से है। वहीं गणपत जी सोनी की पत्नी रंभा देवी ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। पार्षद नहीं होने के बावजूद रंभा देवी का चैयरमेन पद के लिए नामांकन भरना साफ बताता है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता गणपत सोनी किसी भी हाल में चैयरमेन की सीट घर से बाहर नहीं जाने देना चाहते हैं।

दूसरी ओर सेठिया गुट से वार्ड नंबर 4 की प्रियंका बड़ालिया का नाम भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के लिए सामने आया है। हालांकि प्रियंका की अब सेठिया गुट से खटास बताई जा रही है।

परिवार बनाम पार्टी समीकरणों पर नजर

अब फतहनगर-सनवाड़ की राजनीति में चर्चा इस बात को लेकर है कि भाजपा के बहुमत के बावजूद अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के दोनों दावेदारों में से किसके पक्ष में पार्षदों का समर्थन जाता है। वहीं निर्दलीय रंभा देवी की मौजूदगी ने मुकाबले के राजनीतिक समीकरणों को और चर्चा में ला दिया है।

अब असली सवाल यही है—भाजपा के 13 पार्षदों के बहुमत के बीच अध्यक्ष की कुर्सी सीमा सोनी के पास जाएगी, प्रियंका बड़ालिया के पास या निर्दलीय रंभा देवी कोई नया समीकरण बनाएंगी?

अध्यक्ष पद का चुनाव 21 सितंबर 2026 को होना निर्धारित है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular