सीनियर रिपोर्टर श्रीमती भगवती जोशी
फतहनगर l “नेताजी की रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से एक प्रयास किया जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधियों द्वारा पिछले 5 वर्षों में किए गए कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा जा सके।
इसी क्रम में आज मैं पहुंची हूं फतेहनगर–सनवाड़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 फतहनगर मे, जहां स्थानीय जनता से बातचीत कर यहां हुए विकास कार्यों और अभी भी, शेष समस्याओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
ताकि जनता के सामने जनप्रतिनिधियों के कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
नालियों व ट्रैफिक की गंभीर समस्या, मुख्य श्मशान मार्ग क्षतिग्रस्त
फतहनगर-सनवाड़ के वार्ड नंबर 14 में जनता ने बताया कि नालियां कचरे से भरी रहती हैं और समय पर सफाई नहीं होती, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्य श्मशान मार्ग (चगेड़ी रोड) पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से अंतिम यात्रा ले जाने में भी कठिनाई होती है।
वार्ड में ट्रैफिक, स्ट्रीट लाइट और पानी की समस्याएं भी लगातार बनी हुई हैं। लोगों का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षद को कई बार अवगत कराने के बावजूद भी पिछले 5 वर्षों में कोई विशेष विकास कार्य नहीं हुए, जिससे जनता में नाराजगी बनी हुई है।
गोकुल विहार में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से वार्डवासी परेशान
फतेहनगर के वार्ड नंबर 14 स्थित गोकुल विहार में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से वार्डवासी परेशान हैं। क्षेत्र में सड़क और नालियों का निर्माण नहीं होने से पानी जमा रहता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और मलेरिया-डेंगू का खतरा बना हुआ है। झाड़ियां और गाजर घास अधिक होने से सांप निकलने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। वार्डवासियों द्वारा नगर पालिका को ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई कार्यवाही नहीं होने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
दिन में लाइट, रात में बत्ती गुल — जिम्मेदार कौन?
फतेहनगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की लापरवाही का मामला सामने आया है। वर्तमान में यह हालत है कि दिन के समय स्ट्रीट लाइट जलती नजर आ रही है, जिससे बिजली की अनावश्यक बर्बादी हो रही है। वहीं कुछ दिनों पहले बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण लगातार तीन रातों तक बिजली गुल रही, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रात के समय अंधेरा रहने से आमजन में असुरक्षा की भावना बनी रहती है, वहीं दिन में स्ट्रीट लाइट जलने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
काम नहीं करावे तो कई करां? वार्ड 14 में सड़क, पानी और सफाई की गंभीर समस्या
फतेहनगर, वार्ड नंबर 14 के सर्वे के दौरान वार्ड की एक वृद्ध महिला से प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। महिला ने बताया कि चंगेडी रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि वार्ड के पार्षद मनीष जी पालीवाल हैं, लेकिन वार्ड में लंबे समय से कोई ठोस कार्य नहीं करवाया है। वार्ड में पानी की समस्या भी बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में कठिनाई उठानी पड़ती है।
वार्ड में सफाई व्यवस्था भी बदहाल बताई गई है। नालियों में कचरा भरा रहने के कारण गंदा पानी जमा रहता है, जिससे मच्छरों की संख्या बढ़ रही है। समय-समय पर दवाइयों का छिड़काव नहीं होने से बच्चे और बुजुर्ग मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियों से परेशान हो रहे हैं।
वार्ड 14 के पार्षद ही 5 साल से लापता- जनता
वार्ड 14 के हर गली नुक्कड़ के हम गए लोगों से मिले और इस वार्ड में भी वहीं बिजली,पानी,सड़क,कचरा सफाई की समस्याएं सामने आईl जनता परेशान थी कि उसकी कोई सुनने वाला नहीं है और स्थिति तब बटर हो गई जब कांग्रेसी वार्ड पार्षद मनीष पालीवाल उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए उनके साथ खड़े नहीं दिखाई देते हैंl लोगों का कहना है कि उन्होंने कभी वार्ड पार्षद को अपने वार्ड में देखा नहीं और यह स्थिति सच भी दिखती है क्योंकि वार्ड पार्षद को हम बीते लंबे समय से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह कभी भी कैमरे के सामने नहीं आए. अब यह कांग्रेस की ऊपर है कि वह ऐसे वार्ड पार्षदों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती हैl जुड़े रहिए नेता जी के रिपोर्ट कार्ड के साथl जल्दी आपके सामने एक और वार्ड की रिपोर्ट लेकर आएंगेl
