Saturday, May 23, 2026
No menu items!
HomeHindi newsलदानी के टेरिया में आधी रात चोरों का हमला, बुजुर्ग महिलाओं के...

लदानी के टेरिया में आधी रात चोरों का हमला, बुजुर्ग महिलाओं के जेवर खींचे, विरोध करने पर मकान मालिक के सिर पर सरिये से किया वार

​मावली | ​फतहनगर थाना इलाके के लदानी गाँव के टेरिया में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब दो बजे अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लूटपाट की। चोरों ने न केवल करीब चार तोला सोने के जेवर पार कर दिए, बल्कि जाग होने पर मकान मालिक के सिर पर लोहे के सरिये से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
​योजनाबद्ध तरीके से दी वारदात को अंजाम


​चोरों ने इस पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने वारदात से पहले गाँव के अन्य पड़ोसी मकानों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई समय पर मदद के लिए बाहर न आ सके।


​सोते हुए परिवार पर धावा, बुजुर्ग महिलाओं से खींचे जेवर


​टेरिया निवासी मांगी लाल डांगी (पिता हेमराज डांगी) शुक्रवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे तीन-चार अज्ञात चोर दीवार कूदकर घर के भीतर दाखिल हुए। चोरों ने अंदर आकर सबसे पहले मुख्य दरवाजा खोला।
​इसके बाद एक चोर लोहे का सरिया तानकर सो रहे मांगी लाल के पास खड़ा हो गया, जबकि दूसरे चोर ने पास ही सो रही बुजुर्ग दाखि बाई के कान के टॉप्स और नाक की नथ झटके से खींचकर तोड़ ली। इसके बाद बदमाशों ने पास ही सो रही एक अन्य बुजुर्ग महिला लोगरी बाई के गले का मादलिया और नाक की नथ भी जबरन तोड़ ली।
​चीख सुनकर जागे मांगी लाल, चोरों ने सिर पर किया वार
​नाक और कान से जेवर खींचे जाने के कारण दर्द से तड़पकर बुजुर्ग महिला चिल्लाने लगी। चीख सुनकर पास ही सो रहे मांगी लाल डांगी की नींद खुल गई और वे उठ बैठे। मांगी लाल को जागता देख पास में सरिया लेकर खड़े चोर ने उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात के बाद चोर करीब चार तोला सोने के जेवर समेटकर मौके से फरार हो गए।


​पुलिस ने किया मौका मुआयना, सिर में आए 6 टांके


​घटना के तुरंत बाद फतहनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुँचा और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। गंभीर रूप से घायल मांगी लाल को तुरंत फतहनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनके सिर पर आए गहरे जख्म पर 6 टांके लगाए और प्राथमिक उपचार के बाद दवाइयाँ देकर छुट्टी दी।
​गाँव में दहशत, कुशलक्षेम पूछने वालों का लगा ताँता
​शनिवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इस दुस्साहसिक वारदात का पता चला, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दिनभर घायल मांगी लाल और उनके परिवार की कुशलक्षेम पूछने के लिए ग्रामीणों का ताँता लगा रहा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
​(यह पूरी जानकारी खुद घायल पीड़ित मांगी लाल डांगी ने दी है।)

Read More – भव्य नि:शुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर में उमड़ी भीड़, 450 से अधिक मरीज लाभान्वित


RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular